ताजा खबर

व्यापार विहार में तेल गोदाम धधका, छह घंटे की मशक्कत के बाद काबू
31-May-2026 12:35 PM
व्यापार विहार में तेल गोदाम धधका, छह घंटे की मशक्कत के बाद काबू

तीन बड़े टैंकरों में भरा था तेल, दीवार तोड़कर दमकल ने रोकी बड़ी तबाही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 31 मई।
संभाग के सबसे बड़े व्यापारिक केंद्र व्यापार विहार में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेल गोदाम से घना धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते इलाके में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों ने व्यापारी, पुलिस तथा दमकल विभाग को सूचना दी। समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़े हादसे को टाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार तेल कारोबारी मोहन लाल ब्रदर्स  गोदाम में आग लगी थी। सुबह बाजार खुलने का समय होने के कारण आसपास बड़ी संख्या में व्यापारी, मजदूर और मालवाहक वाहन मौजूद थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को खाली कराया और आसपास की दुकानों से सामान हटवाया।

दमकल विभाग की छह गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इस दौरान पता चला कि गोदाम के भीतर तेल से भरे तीन बड़े टैंकर रखे हुए हैं। आग के फैलने पर विस्फोट जैसी स्थिति बनने की आशंका थी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने जेसीबी की मदद से गोदाम की दीवार तोड़कर अंदर पहुंच बनाई और आग पर नियंत्रण पाया।

करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझाई जा सकी। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

व्यापारी निमेष अग्रवाल का कहना है कि उनके पास तेल भंडारण और व्यापार से संबंधित आवश्यक अनुमति है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि तेल भंडारण, पैकेजिंग और टैंकर संचालन से जुड़े नियमों की भी जांच की जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि गोदाम का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप हो रहा था या नहीं।


अन्य पोस्ट