ताजा खबर

चार दिन बाद भी हत्यारे फरार, न्याय की मांग में सड़कों पर उतरे व्यापारी
31-May-2026 12:32 PM
चार दिन बाद भी हत्यारे फरार, न्याय की मांग में सड़कों पर उतरे व्यापारी

पेंड्रा में कैंडल मार्च, पुलिस के खिलाफ लगे नारे; सुराग देने वाले को इनाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 31 मई। पेंड्रा नगर के सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की हत्या और लूटकांड के चार दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों और नागरिकों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। बड़ी संख्या में लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

कैंडल मार्च में शामिल व्यापारी, सामाजिक संगठनों के सदस्य और आम नागरिक नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी चौक पहुंचे। यहां प्रदीप सोनी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

उल्लेखनीय है कि 26 मई की शाम कोटमी साप्ताहिक बाजार में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इसके बाद सोना-चांदी से भरा बैग लूटकर आरोपी फरार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 30 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर जांच जारी है। विशेष जांच टीमों का गठन कर लगातार छापेमारी की जा रही है।

 


अन्य पोस्ट