ताजा खबर
कोलकाता, 30 मई। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले पर चिंता जताते हुए उनकी सुरक्षा व्यवस्था और अस्पताल में उपचार को लेकर सवाल उठाए।
ममता बनर्जी ने संवाददाताओं से कहा कि यदि अभिषेक को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं थी तो उन्हें पहले गहन चिकित्सा इकाई (आईटीयू) में क्यों ले जाया गया और फिर दो घंटे तक निगरानी में क्यों रखा गया और कई चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह क्यों दी गई।
ममता के अनुसार, अभिषेक को रात करीब 8.15 बजे से रात लगभग 11 बजे तक चिकित्सीय निगरानी में रखा गया, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
उन्होंने कहा कि चिकित्सकों ने उनके चेहरे, पीठ, छाती और गर्दन पर कई चोटें पाई थीं तथा हड्डी टूटने और आंतरिक चोटों की आशंका को खारिज करने के लिए जांच कराने की सलाह दी थी।
ममता ने आरोप लगाया कि पुलिस को अभिषेक के दौरे की पूर्व जानकारी थी, फिर भी सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि उपचार से जुड़े फैसलों पर किसी प्रकार का बाहरी दबाव नहीं होना चाहिए और यह अधिकार केवल चिकित्सकों का है। (भाषा)


