ताजा खबर
बेंगलुरु, 30 मई। कर्नाटक के निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को डी.के. शिवकुमार से कहा कि गांधी जी की हत्या करने वाले अब गोडसे का महिमामंडन करने की कोशिश कर रहे हैं और देश की एकता व अखंडता की रक्षा तथा संविधान के सम्मान को बनाए रखने के लिए दूसरे स्वतंत्रता संग्राम का समय आ गया है।
सिद्धरमैया ने शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई देते हुए और उनकी सफलता की कामना करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा दिये गये बलिदानों और संघर्षों के माध्यम से निर्मित सामंजस्यपूर्ण भारत को जाति व धर्म के नाम पर तार-तार किया जा रहा है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “संविधान पर ही सवाल उठ रहे हैं। सरकार पर सवाल उठाने वालों को दबाया जा रहा है। गांधीजी की हत्या करने वाले अब गोडसे का महिमामंडन करने में लगे हैं।”
सिद्धरमैया ने कहा कि इसलिए देश को बचाने का एकमात्र सही रास्ता कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लेना है, जिसने जमीनी स्तर से ही संविधान में निहित समानता, सद्भाव, सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों को अपनी विचारधारा के रूप में अपनाया है।
उन्होंने कहा, “हम एक ऐसे दौर में हैं, जहां हमें देश की एकता व अखंडता की रक्षा करने और संविधान के सम्मान को बनाए रखने के लिए दूसरा स्वतंत्रता संग्राम लड़ना होगा। इस संघर्ष में न केवल विधायक दल बल्कि राज्य की सात करोड़ जनता आपके साथ खड़ी रहेगी।” (भाषा)


