ताजा खबर

तेलघानी नाका हत्या में दो गिरफ्तार, रंजिश में किया था हमला
30-May-2026 10:01 PM
 तेलघानी नाका हत्या में दो गिरफ्तार, रंजिश में किया था हमला

रायपुर, 30 मई। तेलघानी इलाके में गुरुवार रात चाकू बाजी से हुई मौत के आरोपियों को गंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।गंज पुलिस के अनुसार रात लगभग 12:30 बजे एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। घायल युवक आशीष गरुड को गंभीर अवस्था में उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसके बाएं हाथ, बाएं पैर एवं सिर पर गंभीर चोटें आई थी। पुलिस हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर हमलावरों की तलाश कर रही थी। और आशीष  की बाद में मेकाहारा अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। 

पुलिस मृतक के परिजनों एवं आसपास के व्यक्तियों से विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक आशीष गरुड को अंतिम बार राज नायक के साथ देखा गया था। इस आधार पर राज नायक के संबंध में गहन तफ्तीश की गई। जांच के दौरान यह ज्ञात हुआ कि आरोपी राज नायक के विरुद्ध पूर्व में लूट, आर्म्स एक्ट, मारपीट एवं अन्य अपराधों के लगभग आधा दर्जन प्रकरण पंजीबद्ध हैं। साथ ही वह पूर्व में कई बार धारदार हथियारों के साथ पकड़ा जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर उस पर संदेह और अधिक प्रबल हुआ।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना गंज पुलिस द्वारा एसीसीयू रायपुर क्राइम ब्रांच, थाना गुढ़ियारी एवं रामनगर चौकी पुलिस की सहायता ली गई। संयुक्त टीम द्वारा घटना से संबंधित तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों का व्यापक संकलन किया गया। विवेचना के दौरान तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे दर्जनभर से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। 

सीसीटीवी फुटेजों की जांच में यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि प्रारंभ से ही प्रकाश सोना उर्फ टेरा और राज  पुलिस को गुमराह कर रहे थे। जबकि घटना स्थल में आरोपियों की एंट्री एवं घटना के बाद वहां से निकलने संबंधी स्पष्ट सीसीटीवी साक्ष्य प्राप्त हुए।  दोनों को  हिरासत में लेकर 
पूछताछ में आरोपियों राज नायक एवं प्रकाश सोना उर्फ टेरा ने अपना जुर्म स्वीकार किया। दोनों ने बताया कि मृतक आशीष गरुड के साथ पुराने लेन-देन को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद के चलते घटना वाली रात आपसी कहासुनी एवं तात्कालिक झगड़ा हुआ, जिसके दौरान आरोपी राज नायक ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के पश्चात राज नायक, प्रकाश सोना के साथ  फरार हो गया। इस तरह से दोनों को गिरफ्तार किया गया।


अन्य पोस्ट