ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 मई। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिनी राष्ट्रीय आम महोत्सव के दूसरे दिन आम प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी। आमों की सुगंध और स्वाद से पूरा माहौल सराबोर रहा। आगंतुकों ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित दुर्लभ, लोकप्रिय और उन्नत किस्मों के आमों का अवलोकन कर उनकी विशेषताओं, स्वाद, रंग, आकार और उत्पादन संबंधी जानकारी प्राप्त की।
महोत्सव में प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा राय ने आम से बनने वाले विभिन्न व्यंजनों की रेसिपी प्रस्तुत की। उनके द्वारा तैयार किए गए स्वादिष्ट व्यंजनों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं विभिन्न राज्यों से आए आम उत्पादक किसानों द्वारा लगाए गए विक्रय स्टॉलों पर भी खरीदारों की अच्छी-खासी भीड़ रही। अल्फांसो, केसर, दशहरी, फजली और अरुणिमा किस्म के आमों की सबसे अधिक मांग देखने को मिली।
आयोजन में आम की विविधता, स्वाद और कृषि नवाचारों को करीब से जानने का अवसर मिलने से दर्शकों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। महोत्सव आम उत्पादकों, उद्यमियों और आम प्रेमियों के लिए ज्ञान, व्यापार और स्वाद का एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभर रहा है।
महोत्सव के अंतर्गत आयोजित तकनीकी सत्र में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने आम उत्पादन, पौधरोपण की वैज्ञानिक तकनीक, उन्नत किस्मों के चयन, कीट एवं रोग प्रबंधन, पोषण प्रबंधन तथा आधुनिक बागवानी पद्धतियों पर विस्तार से जानकारी दी।
किसानों के सवालों का समाधान करते हुए विशेषज्ञों ने उत्पादन लागत कम करने, गुणवत्ता बढ़ाने और बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त करने के उपाय भी बताए। तकनीकी सत्र से किसानों को नई तकनीकों और वैज्ञानिक प्रबंधन की उपयोगी जानकारी मिली, जो उनकी आय और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में सहायक होगी।
आम महोत्सव के दौरान इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के उद्यानिकी विभाग और प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में मैंगो व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा राय ने किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में जय हरितिमा लेडीज क्लब की अध्यक्ष ममता चंदेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। प्रतियोगिता में शंपा यादव ने प्रथम, अंशिका नायक ने द्वितीय तथा सान्वी नायडू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


