ताजा खबर

बंगाल: चुनाव बाद हिंसा के पीड़ितों के परिवारों से मिलने पहुंचे अभिषेक बनर्जी पर अंडे और जूते फेंके
30-May-2026 9:22 PM
बंगाल: चुनाव बाद हिंसा के पीड़ितों के परिवारों से मिलने पहुंचे अभिषेक बनर्जी पर अंडे और जूते फेंके

कोलकाता, 30 मई। पश्चिम बंगाल के सोनारपुर इलाके में चुनाव बाद हिंसा के पीड़ितों के परिवारों से मिलने पहुंचे तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ शनिवार को कथित तौर पर स्थानीय लोगों ने दुर्व्यवहार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद पर अज्ञात लोगों ने पत्थर, जूते और अंडे फेंके और उन पर लात-घूंसे बरसाने की कोशिश भी की। इस दौरान उन्होंने ‘चोर’ के नारे भी लगाए।

बनर्जी को पुलिस की सुरक्षा में इलाके से बाहर ले जाते हुए देखा गया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा के लिए हेलमेट पहना हुआ था और उनकी कमीज फटी हुई थी।

चुनाव बाद हुई हिंसा में जान गंवाने वाले एक व्यक्ति के परिवार से मुलाकात के दौरान बनर्जी ने कहा, ‘‘देखिए इन्होंने मेरे साथ क्या किया है। यह पूर्व नियोजित था। इलाके में पुलिस नहीं है। ये मुझे मारना चाहते हैं। जब तक स्थानीय पुलिस अपनी टीम नहीं भेजती और पीड़ितों के परिवारों को सुरक्षा प्रदान नहीं करती, मैं यहां से नहीं जाऊंगा।’’  (भाषा)


अन्य पोस्ट