ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 30 मई । आज थाना पुरानी बस्ती के एक पुराने प्रकरण में दोनों पक्षों की अवकाश कालीन न्यायालय में पेशी थी। पेशी उपरांत दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, जिसमें एक पक्ष के राहुल सोनी को दूसरे पक्ष के धृवेश देवांगन द्वारा दीवार से सिर टकराकर चोट पहुंचाई गई।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची । त्वरित कार्रवाई करते हुए धृवेश देवांगन को हिरासत में ले लिया गया। घायल राहुल सोनी को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई है।
पुलिस ने एक बयान में बताया कि दोनों पक्ष न्यायालय में अपनी-अपनी पेशी हेतु स्वयं उपस्थित हुए थे। उन्हें पुलिस द्वारा पेशी के लिए नहीं लाया गया था।
साथ ही, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्रसारित की जा रही चाकू से हमला किए जाने की सूचना तथ्यहीन एवं भ्रामक है। प्रारंभिक जांच में चाकू से हमला किए जाने की बात सही नहीं पाई गई है।
प्रकरण में विधिसम्मत कार्यवाही की जा रही है तथा पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।


