ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 30 मई। शनिवार सुबह शहर के व्यापार विहार स्थित एक तेल गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा गोदाम धुएं व लपटों से घिर गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुटीं । यह गोदाम तेल कारोबारी चौधरी एजेंसी का बताया गया है। आग सुबह 9 बजे लगी थी और तीन चार घंटे बाद भी बुझाई नहीं जा सकी है।
जानकारी के अनुसार गोदाम में बड़ी मात्रा में तेल और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग की ऊंची लपटें और उससे निकलता धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था।
तारबाहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और बचाव कार्य में सहयोग किया।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों के सामान के जलकर नष्ट होने की संभावना है, जबकि गोदाम में रखे तेल और अन्य सामग्री को देखते हुए नुकसान का आंकड़ा और बढ़ सकता है। हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही किया जा सकेगा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली थी।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने तक फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर तैनात है।


