ताजा खबर

कंपनी सामान की आड़ में 3 करोड़ की गांजा तस्करी, आरोपी बंदी
30-May-2026 4:50 PM
कंपनी सामान की आड़ में 3 करोड़ की गांजा तस्करी, आरोपी बंदी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 30 मई।
महासमुंद जिले की थाना सिंघोड़ा पुलिस ने मुरमुरी चौक में आज एक गांजा तस्कर से 6 क्विंटल गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत 3 करोड़ रुपए आंकी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी बरामद किया गया है।

गौरतलब है कि तस्कर गांजा तस्करी के नित नए तरीके जैसे ऐंबुलेंस में, मूवर्स एंड पैकर्स कैरियर की आड़ में, भारी वाहनों में फल, खाद्य सामग्री के नीचे, कपड़ा फेरी वाले की आड़ में, ट्रेवल्स वाहनों में, छोटे वाहनों में गुप्त चैंबर बनाकर व कच्चे मार्गों से परिवहन करते हैं। आज गांजे की बड़ी खेप की तस्करी का प्लान फेल हुआ है।  
ओडिशा से लगे अंतरराज्यीय चेक पोस्ट के अलावा अब अंदरुनी मार्गों में भी में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी पर इंड टू इंड एवं फाइनेशियल  इनवेस्टिगेशन, सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी एवं विधिवत कार्यवाही करने की दिशा में लगातार चेंकिंग की जा रही है।
इसी दरमियान मुखबिर से सूचना मिली कि एक टाटा माजदा लाल रंग की गाड़ी में एक पुरूष मुरमुरी चौक से होते हुए वाहन में कंपनी के सामान के साथ अंदर गांजा रखकर महाराष्ट्र जा रहा है।
सूचना पर मुरमुरी चौक पर वाहनों की जांच प्रारंभ की गई, तभी मुखबिर के बताये हुलिया नंबर की संदिग्ध वाहन सामने से आते दिखा, इशारा कर वाहन रोका गया। पूछताछ करने पर वाहन चालक ने अपना नाम महबूब बादशाह शेख (65) महाराष्ट्र का निवासी होना बताया।
वाहन को चेक करने पर  कंपनी के मशीनरी से संबंधी सामान के नीचे एवं पीछे छिपाकर 24 प्लास्टिक बोरी में प्रत्येक में 25 किलो ग्राम कुल 600 किलो ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा रखना पाया गया। उक्त गांजा को ओडिशा से जिला ठाणे महाराष्ट्र खुद के लिए ले जाना बताया। जिस पर विधिसम्मत कार्रवाई  करते हुए आरोपी से 600 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 3 करोड़ रुपए का एवं एक मोबाइल कीमती 5 हजार रुपए, नगदी रकम 10 हजार रुपए, वाहन कीमती 12 लाख को जब्त किया गया है।
 आरोपी का कृत्य एनडीपीएस एक्ट का पाये जाने से आरोपी को गिरफ्तार किया जाकर थाना सिंघोड़ा में अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया है। यह सम्पूर्ण कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोडा पुलिस की टीम के द्वारा की गई। 


अन्य पोस्ट