ताजा खबर

सुशासन तिहार : कौशिक-शुक्ला के बीच तीखी नोंक झोंक
30-May-2026 4:23 PM
सुशासन तिहार : कौशिक-शुक्ला के बीच तीखी नोंक झोंक

खाद-बीज की कमी पर कांग्रेस का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 30 मई। बिलासपुर जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस समय राजनीतिक रंग में रंग गया, जब मंच पर ही विधायक धरमलाल कौशिक और कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के बीच विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर तीखी बहस हो गई।

कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला ने किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली-पानी की समस्या, खराब सडक़ों तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे उठाते हुए सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने जनता के आवेदनों के त्वरित निराकरण नहीं होने पर भी नाराजगी जताई।

कांग्रेस नेता के आरोपों का जवाब देते हुए विधायक धरमलाल कौशिक ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का पक्ष रखा। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच मंच पर ही तीखी नोंकझोंक शुरू हो गई।

नेताओं की बहस के दौरान कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीण भी अपनी समस्याओं को लेकर मुखर हो गए, जिससे पंडाल का माहौल गरमा गया। दोनों दलों के समर्थकों ने अपने-अपने पक्ष में नारेबाजी भी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए, जबकि भाजपा समर्थकों ने सरकार की उपलब्धियों का समर्थन किया।

स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप कर माहौल को शांत कराया। इसको लेकर काफी चर्चा रही।


अन्य पोस्ट