ताजा खबर
पार्थिव शरीर भारत लाने कोशिश
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर,30 मई। रायपुर के इंटीरियर डिजाइनर अजय सुंदर निहलानी का पुर्तगाल में हृदयाघात से निधन हो गया। वे करीब 40 लोगों के समूह के साथ पुर्तगाल भ्रमण पर गए थे। लिस्बन में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
शैलेन्द्र नगर निवासी दिवंगत अजय निहलानी के भाई संजय कुमार निहलानी ने पार्थिव शरीर की सुपुर्दगी और भारत वापसी (रिपैट्रिएशन) की प्रक्रिया के लिए एक अधिकृत पत्र जारी किया है। इसमें नीरज बाजपेयी को परिवार की ओर से अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।
बताया गया कि नीरज बाजपेयी अजय निहलानी के साथ यात्रा पर थे और चिकित्सा आपातकाल के दौरान उनके साथ मौजूद रहे। उन्हें पार्थिव शरीर की पहचान, आवश्यक दस्तावेजीकरण, प्राप्ति, परिवहन तथा पुर्तगाल से भारत तक पार्थिव शरीर लाने से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी करने का अधिकार दिया गया है।
परिवार ने पुर्तगाल स्थित संबंधित अधिकारियों, अस्पताल प्रशासन, वाणिज्य दूतावास, एयरलाइन प्रतिनिधियों तथा अन्य एजेंसियों से अनुरोध किया है कि वे नीरज बाजपेयी को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए रायपुर लाया जा सके।
अधिकृत प्रतिनिधि नीरज बाजपेयी तथा परिजन संजय कुमार निहलानी का मोबाइल जारी किया गया है। परिवार ने कहा है कि यह प्राधिकरण उनकी पूर्ण जानकारी और सहमति से जारी किया गया है।


