ताजा खबर

भारत ‘शक्तिशाली’ है और अपनी सेना का ‘आधुनिकीकरण’ कर रहा है: हेगसेथ
30-May-2026 9:43 AM
भारत ‘शक्तिशाली’ है और अपनी सेना का ‘आधुनिकीकरण’ कर रहा है: हेगसेथ

(गुरदीप सिंह)

सिंगापुर, 30 मई। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने शनिवार को कहा कि भारत एक ‘शक्तिशाली’ देश है और वह अपनी सेना का आधुनिकीकरण कर रहा है।

हेगसेथ ने कहा कि भारत के पास विशाल औद्योगिक क्षमता एवं साजो-सामान है जो उसे ‘उच्च-स्तरीय सैन्य अभियानों’ को लंबे समय तक संचालित करने और बनाए रखने में सक्षम बनाती है।

हेगसेथ ने ये टिप्पणियां शनिवार को सिंगापुर में ‘शांगरी-ला डॉयलॉग’ में शामिल प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कीं।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत शक्तिशाली है और अपनी सेना का आधुनिकीकरण कर रहा है।’’ उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत विशेष रूप से हिंद महासागर में शक्ति संतुलन बनाए रख रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत ‘‘उच्च स्तरीय सैन्य अभियानों को बनाए रखने के लिए विशाल औद्योगिक क्षमता और साजो-सामान का निर्माण भी कर रहा है।’’

हेगसेथ ने कहा, ‘‘हमने क्षमताओं को आगे बढ़ाने के लिए भारत के साथ सह-उत्पादन की भी प्रतिबद्धता जताई है।’’ उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने रक्षा क्षेत्र में राष्ट्रीय विनिर्माण वैश्वीकरण के दौर से गुजर रहा है।

उन्होंने जापान, दक्षिण कोरिया, दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन ‘आसियान’ और ऑस्ट्रेलिया के साथ रक्षा संबंधी संबंधों का भी आकलन किया।

हेगसेथ ने क्षेत्र में अमेरिका की रक्षा रणनीति के कई पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एशिया-प्रशांत दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र है और क्षेत्र की सुरक्षा काफी हद तक अमेरिकी सैन्य शक्ति पर निर्भर करती है। उन्होंने देशों से अपने स्वयं के रक्षा तंत्र में गंभीरता से निवेश करने का आह्वान किया। (भाषा)


अन्य पोस्ट