ताजा खबर

पार्टी के आधिकारिक पदों तक सीमित नहीं होती जनसेवा : कांग्रेस नेता अमित पाटकर
30-May-2026 9:42 AM
पार्टी के आधिकारिक पदों तक सीमित नहीं होती जनसेवा : कांग्रेस नेता अमित पाटकर

पणजी, 30 मई। कांग्रेस की गोवा इकाई के अध्यक्ष पद से हटाए जाने के कुछ घंटों बाद पार्टी के नेता अमित पाटकर ने कहा कि उनकी ‘‘गोवा के लिए लड़ाई’’ जारी रहेगी।

पाटकर ने साथ ही कहा कि जनसेवा केवल पार्टी के आधिकारिक पदों और जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं होती।

पाटकर का यह बयान शुक्रवार देर रात उस समय आया जब कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने गिरीश चोडणकर को गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जीपीसीसी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। इसके साथ ही राज्य इकाई के प्रमुख के रूप में पाटकर का चार साल का कार्यकाल समाप्त हो गया।

पाटकर ने एक बयान में कहा कि आंदोलन की वास्तविक ताकत ‘‘पदों और उपाधियों में नहीं, बल्कि उन लोगों की अटूट भावना में निहित है जो गोवा और उसके लोगों के लिए संघर्ष करना नहीं छोड़ते।’’

अपने चार वर्ष के कार्यकाल को याद करते हुए पाटकर ने कहा कि उन्हें पूरे गोवा का दौरा करने और पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों तथा राज्य की पहचान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध नागरिकों के साथ काम करने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा, ‘‘हम सबने मिलकर कंधे से कंधा मिलाकर काम किया, किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि एक बड़े उद्देश्य के लिए-गोवा की पहचान की रक्षा करने, उसकी विशिष्ट संस्कृति को संरक्षित रखने, लोगों के अधिकारों की रक्षा करने और हर गोवावासी की आवाज को बुलंद करने के लिए।’’

उन्होंने कहा कि यह यात्रा कभी किसी एक व्यक्ति के बारे में नहीं थी, बल्कि उन पार्टी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास की कहानी थी, जो कठिन समय में भी डटे रहे और राज्य से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे।

पाटकर ने कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस ने किसानों, युवाओं, महिलाओं, मछुआरों, श्रमिकों और समाज के अन्य वर्गों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को लगातार उठाया तथा गोवा के हितों से जुड़े मामलों को प्रमुखता से सामने रखा।

पाटकर ने राजनीतिक रूप से सक्रिय बने रहने का संकेत देते हुए कहा कि गोवा और उसके लोगों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पहले जैसी ही है।

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने शुक्रवार को आदेश जारी कर अमित पाटकर की जगह गिरीश चोडणकर को गोवा कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। चोडणकर इससे पहले भी इस पद पर रह चुके हैं।

इसके अलावा वरिष्ठ नेताओं एम.के. शेख, एल्टोन डी’कोस्टा और कार्लोस अल्वारेस फरेरा को गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि दत्ता डी. नाइक को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। (भाषा)


अन्य पोस्ट