ताजा खबर
विकास, देवेन्द्र नगर थाने में दी रिपोर्ट
रायपुर, 29 मई। पंडरी सिटी सेंटर मॉल के पास एक्सप्रेस-वे पर एक नया रास्ता खोलने के विरोध में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय आज कार्यकर्ताओं के साथ देवेंद्र नगर थाने पहुंचे। उन्होंने लोनिवि के अफसरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने लिखित शिकायत दी है।
विकास उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि साल 2017 में सरकार ने साफ नियम बनाया था कि एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ कोई नया रास्ता या कट नहीं खुलेगा। इस सड़क पर गाड़ियां बहुत तेज चलती हैं। नया रास्ता खुलने से यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। पंडरी और मोवा की तरफ जाने वाले लोगों के लिए यह जगह अब खतरनाक बन चुकी है।कांग्रेस नेता ने कहा हम विकास के विरोधी नहीं हैं। लेकिन चंद अफसरों और रसूखदारों की मिलीभगत से चल रहा यह खेल अब रायपुर की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
बिल्डर और भू-माफिया से मिलीभगत का आरोप
पंडरी सिटी सेंटर मॉल के ठीक सामने बने इस एक्सप्रेस-वे का रूट अचानक बदलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों की मानें तो PWD के कुछ बड़े अफसरों ने बिना किसी मंजूरी के यह रास्ता खोल दिया है। कांग्रेस का सीधा आरोप है कि बीजेपी के कुछ नेताओं, निजी बिल्डरों और भू-माफियाओं को फायदा पहुंचाने के लिए यह पूरा खेल रचा गया है।
कांग्रेस की 3 मांगें
पूरे नक्शे और बदलावों की जांच किसी स्वतंत्र विजिलेंस टीम से कराई जाए।
जिस भी रसूखदार या अफसर के कहने पर यह रूट बदला गया, उसे तुरंत सस्पेंड किया जाए।
एक्सप्रेस-वे का असली नक्शा आम जनता के सामने लाया जाए।


