ताजा खबर
रायपुर, 29 मई। ग्रीष्म ऋतु में सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध कराने के लिए रायपुर में तीन दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शहर की 52 फल विक्रेता फर्मों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फल विक्रेताओं को सुरक्षित व स्वच्छ दशाओं में फलों का रख-रखाव, भण्डारण एवं विक्रय करने के कड़े निर्देश दिए गए।
जांच में सड़ी-गली अवस्था में भण्डारित लगभग 105 किलो आम, 10 किलो अंगूर एवं 7 दर्जन लोकर लगे केले मौके पर ही तत्काल नष्ट कराया गया।
अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं को स्टीकर लगाकर फलों को पकाने, केमिकल एवं सिंथेटिक कलर युक्त फलों का विक्रय नहीं करने की सख्त हिदायत दी। ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित फल मिल सकें। यह कार्रवाई नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक कुमार अग्रवाल एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर की गई।


