ताजा खबर
सिंहदेव बोले, ढाई-ढाई साल सीएम फार्मूला मीडिया की देन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 मई। कर्नाटक में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री फार्मूले पर अमल के बाद छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के दौरान चली इसी तरह की चर्चाएं फिर सुर्खियों में आ गई हैं। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साफ कहा है कि पांच साल के कार्यकाल में पार्टी हाईकमान ने उनसे कभी इस्तीफा नहीं मांगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर जानबूझकर भ्रम फैलाया गया।
शुक्रवार को मीडिया से चर्चा में भूपेश बघेल ने कहा कि ढाई-ढाई साल के फार्मूले को लेकर उनसे पहले भी सवाल पूछे जाते रहे हैं और वे हमेशा कहते रहे हैं कि उन्होंने पार्टी हाईकमान के निर्देशों का पालन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी, उसका उन्होंने निर्वहन किया। पाटन विधायक, मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने पार्टी के आदेशों का पालन किया। वर्तमान में उन्हें राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली है, जिसका वे निर्वहन कर रहे हैं।
बघेल ने कहा कि ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री फार्मूले को लेकर लगातार भ्रम फैलाया गया है।
मैंने कभी नहीं कहा..
इधर, अंबिकापुर में उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी कहा कि उन्होंने कभी ढाई-ढाई साल वाले फार्मूले की बात नहीं कही। उन्होंने कहा कि यह मीडिया की देन रही। सिंहदेव ने कहा कि भूपेश बघेल जो बात कह रहे हैं, वही बात वे भी पहले से कहते रहे हैं कि पार्टी हाईकमान क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी देता है।


