ताजा खबर
संघ ने सीएम-स्वास्थ्य मंत्री का आभार माना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 मई। एनएचएम के संविदा कर्मचारियों की एक बड़ी मांग पूरी हुई है।अब उन्हें बिना किसी प्रीमियम के 6 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलेगा।
यह सुविधा राज्य शासन और भारतीय स्टेट बैंक के बीच हुए स्टेट गवर्नमेंट सैलरी पैकेज एमओयू के तहत दी जा रही है। इसके तहत एसबीआई में वेतन खाता रखने वाले कर्मचारियों को नि:शुल्क बीमा लाभ मिलेगा
एनएचएम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ अमित मिरी ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि एनएचएम कर्मियों की बीमा की मांग पुरानी है, जिसे सरकार ने मंजूरी दी है। उन्होंने इसके लिए सीएम विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का आभार जताया, और कहा कि बाकी मांगों के जल्द पूरी होने की उम्मीद है।
बताया गया एनएचएम कर्मचारियों को इससे पहले 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि, 10 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा और 30 दिन का मेडिकल अवकाश जैसी सुविधाएं मिल चुकी हैं। अब इसमें 6 लाख रुपये का अतिरिक्त जीवन बीमा कवर भी जुड़ गया है।
राज्य के नियमित शासकीय कर्मचारियों को इसी एमओयू के तहत 1.60 करोड़ रुपये तक का नि:शुल्क बीमा कवर मिल रहा है।
बताया गया कि इस एमओयू से राज्य के करीब 3.50 लाख से 4.55 लाख नियमित और संविदा कर्मचारी-अधिकारी तथा उनके परिवार लाभान्वित होंगे। ई-कोष में ऑनलाइन पंजीकृत कर्मचारी ही इस योजना के पात्र होंगे।
योजना में दुर्घटना में मृत्यु की स्थिति में बेटी की शादी और बच्चों की शिक्षा के लिए अतिरिक्त सहायता का भी प्रावधान किया गया है। वहीं ‘एसबीआई रिश्ते’ योजना के तहत परिवार के चार सदस्यों को जीरो बैलेंस खाते के साथ 5-5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए मजबूत सुरक्षा कवच बताया है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इसे आर्थिक जोखिम से बचाने की महत्वपूर्ण पहल कहा है।


