ताजा खबर

सरकार राजनीतिक विरोधियों पर साध रही निशाना-बैज
28-May-2026 10:15 PM
सरकार राजनीतिक विरोधियों पर साध रही निशाना-बैज

  उपचुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरूपयोग का आरोप  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 मई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी, विपक्ष के दमन और प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में बैज ने कहा कि भाजपा सरकार में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनावों में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता नरेन्द्र जैन पर आर्म्स एक्ट के तहत झूठा मामला दर्ज किया गया, जिसके विरोध में कांग्रेस ने धरना और आमरण अनशन किया।

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में अपराध का सिलसिला थम नहीं रहा है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पेंड्रा में सराफा कारोबारी की हत्या, रायपुर में गैंगवार और चाकूबाजी तथा देवभोग में महिला की हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में एक दर्जन से अधिक लोगों की गोली मारकर हत्या की जा चुकी है। बैज ने आरोप लगाया कि अपराधियों में पुलिस और कानून का डर खत्म हो गया है तथा सरकार राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने में लगी हुई है।


अन्य पोस्ट