ताजा खबर

भूपेश बघेल का सरकार पर तीखा हमला
28-May-2026 12:10 PM
भूपेश बघेल का सरकार पर तीखा हमला

कहा- सुशासन में कानून व्यवस्था चरमराई, जनता महंगाई से त्रस्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 28 मई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य और केंद्र सरकार पर एक साथ कई मोर्चों पर तीखा हमला बोला। बिलासपुर प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई, महंगाई, युवाओं की नाराजगी और धार्मिक मामलों को लेकर सरकार को घेरा।

न्यू सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए बघेल ने सूरजपुर जिले में हुई पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस मामले में न हथियार बरामद हुए और न ही कोई हिंसक घटना हुई, वहां पुलिस को निष्पक्षता से कानून व्यवस्था संभालनी चाहिए थी। उनका कहना था कि केवल दबाव बनाकर कार्रवाई करने से जनता का भरोसा कमजोर होता है।

भूपेश बघेल ने कवर्धा, कुनकुरी और पेंड्रा रोड की घटनाओं का उल्लेख करते हुए राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री और मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्रों में भी दिनदहाड़े हत्याएं और महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं। ऐसे में सरकार का सुशासन का दावा वास्तविकता से दूर दिखाई देता है।

महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए बघेल ने कहा कि आम जनता को डॉलर बचाने के नाम पर सोना नहीं खरीदने, विदेश यात्रा कम करने और खर्च घटाने की सलाह दी जा रही है, जबकि बड़े उद्योगपति विदेशों में अरबों रुपये का निवेश कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं का जिक्र करते हुए दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने पूछा कि क्या उन्होंने कभी अपने भाषणों में संस्कृत श्लोकों या गहरे धार्मिक विमर्श को स्थान दिया है। वहीं बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यदि वे अपने गुरु के चमत्कारी शिष्य हैं और लोगों का भविष्य बताने का दावा करते हैं, तो उन्हें देश में पेट्रोल-डीजल के दाम कम करवाकर जनता को राहत दिलानी चाहिए।

भूपेश बघेल मंगलवार देर रात बिलासपुर पहुंचे थे। न्यू सर्किट हाउस में उन्होंने स्थानीय नेताओं के साथ भोजन किया और संगठनात्मक चर्चा भी की। बुधवार सुबह वे कुंडा के लिए रवाना हो गए। इस दौरान विधायक अटल श्रीवास्तव, विधायक दिलीप लहरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, शैलेष पांडेय सहित कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट