ताजा खबर
तृणमूल कांग्रेस की सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी लिख कर अपनी ही पार्टी के सांसद कल्याण बनर्जी पर संसद परिसर में अपने साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है.
इसके साथ ही उन्होंने कल्याण बनर्जी के ख़िलाफ़ महिला सांसदों के प्रति स्त्री-विरोधी व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है.
यह शिकायत ऐसे समय आई है जब विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद टीएमसी के नेता एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं.
लोकसभा स्पीकर को लिखे अपने पत्र में काकोली घोष दस्तीदार ने शिकायत को औपचारिक रूप से दर्ज करने की अनुमति मांगी है और कल्याण बनर्जी के ख़िलाफ़ उचित कार्रवाई की मांग की है.
इससे पहले काकोली घोष दस्तीदार ने पार्टी के तमाम पदों से इस्तीफ़ा दे दिया था.
उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी को भेजे पत्र में इस्तीफे़ की जानकारी दी थी.
हालांकि उन्होंने पार्टी में बने रहने की बात कही थी. (bbc.com/hindi)


