ताजा खबर

सीबीएसई रिजल्ट पर घमासान: राहुल गांधी ने लगाया 'गड़बड़ी' का आरोप
28-May-2026 9:28 AM
सीबीएसई रिजल्ट पर घमासान: राहुल गांधी ने लगाया 'गड़बड़ी' का आरोप

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को सीबीएसई कक्षा 12 के परीक्षा परिणामों में "भारी गड़बड़ी" और "हेर-फेर" का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि देशभर में लाखों छात्र और उनके अभिभावक इस मुद्दे को लेकर चिंतित हैं. राहुल गांधी ने एक्स पर वीडियो जारी कर केंद्र सरकार और सीबीएसई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इस मामले में स्वतंत्र न्यायिक जांच और एसआईटी गठित करने की मांग की.

उन्होंने विशेष रूप से COEMPT नाम की कंपनी को लेकर सवाल उठाए, जिसे सीबीएसई के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) सिस्टम का ठेका दिया गया है. राहुल गांधी का दावा है कि यह कंपनी पहले "ग्लोबरेना" नाम से जानी जाती थी और 2019 में तेलंगाना परीक्षा विवाद से जुड़ी रही है. उन्होंने पूछा कि ऐसे विवादित रिकॉर्ड वाली कंपनी को क्यों चुना गया और क्या ठेका देने में नियमों का उल्लंघन हुआ.

यह विवाद सीबीएसई के नए डिजिटल मूल्यांकन सिस्टम (ओएसएम) से जुड़ा है, जिसमें उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैन कर ऑनलाइन जांच की जाती है. नतीजे घोषित होने के बाद छात्रों ने बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें धुंधली स्कैन कॉपियां, गलत अंक, बिना जांचे उत्तर और कुछ मामलों में गलत उत्तर पुस्तिका अपलोड होने जैसे आरोप शामिल हैं. एक छात्र के मामले में सीबीएसई  ने उत्तर पुस्तिका के अदला-बदली की बात स्वीकार भी की है और सुधार की प्रक्रिया शुरू की है.

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए अपने पोस्ट में लिखा, "सीबीएसई परीक्षा परिणाम में भयंकर हेर-फेर हो गई जिससे देश के लाखों बच्चे और उनके माता-पिता सदमे में हैं. और मोदी जी? हमेशा की तरह - ना जवाब, ना जिम्मेदारी, ना शर्म." (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट