ताजा खबर

सुशासन तिहार के दौरान पेड़ गिरा, 7 जख्मी
27-May-2026 3:19 PM
सुशासन तिहार के दौरान पेड़ गिरा,  7 जख्मी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
गरियाबंद, 27 मई।
गरियाबंद जिले में सुशासन तिहार जनसमस्या निवारण शिविर ग्राम पंचायत खरहरी में  शुरू होने से पहले बड़ा हादसा हो गया। शिविर स्थल के पास अचानक एक भारी-भरकम पीपल का पेड़ गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से 10 वर्षीय बच्चे सहित 7 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद आज का जनसमस्या निवारण शिविर स्थगित कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि सुशासन तिहार के तहत जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही शिविर स्थल के समीप मौजूद पुराना पीपल का पेड़ अचानक दो हिस्सों में टूटकर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। हादसे में एक 10 वर्षीय बच्चा समेत कुल 7 लोग घायल हुए हैं। प्रशासनिक टीम ने घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज ज़ारी है। सुरक्षा के मद्देनजर शिविर को तत्काल स्थगित कर दिया।
 डॉ. हरीश चौहान ने कहा कि  सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान पीपल का पेड़ गिरने से सात लोग घायल हुए हैं। दो लोगों की जांच करवाई जा रही है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम हितेश्वरी बाघे ने कहा-जनसमस्या निवारण शिविर लगा हुआ था। थोड़ी दूर पर पीपल का वृक्ष अचानक गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद लोगों को चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया है। कुल सात लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।
 


अन्य पोस्ट