ताजा खबर

सरायपाली की तबस्सुम ने की 15 हजार फीट की ऊंचाई फतह
27-May-2026 1:48 PM
सरायपाली की तबस्सुम ने की 15 हजार फीट की ऊंचाई फतह

 विधायक ने दी बधाई
 'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 27 मई।
महासमुंद जिले के विकासखंड सरायपाली की बेटी एवं एडवांस रेंजर लीडर फैमिदा तबस्सुम ने हिमालय की दुर्गम व चुनौतीपूर्ण पर्वत श्रृंखलाओं में 15 हजार 300 फीट की ऊंचाई तक सफल पर्वतारोहण कर न केवल सरायपाली क्षेत्र बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया है।

उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि सरायपाली की बेटी फैमिदा ने कठिन परिस्थितियों में अपने साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देकर यह साबित किया है कि हमारे क्षेत्र की बेटियां हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने का सामथ्र्य रखती हैं। उनका यह साहसिक प्रयास युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
सरायपाली शहर के वार्ड क्रमांक 11 बाजारपारा निवासी फैमिदा तबस्सुम पिता शेख शमसुद्दीन ने अटल बिहारी वाजपेई इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एलाइड स्पोट्र्स में आयोजित बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक प्राप्त किया है। यह प्रशिक्षण 1 मई से प्रारंभ होकर 28 मई तक संचालित हुआ। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने 13 मई को हिमालय की कठिन चढ़ाई प्रारंभ की और 26 मई को 15 हजार 300 फीट की ऊंचाई पर सफलतापूर्वक ट्रैक एवं पर्वतारोहण पूर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

गौरतलब है कि सुश्री तबस्सुम लंबे समय से स्काउटिंग एवं साहसिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने पचमढ़ी स्थित राष्ट्रीय साहसिक एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त किया है तथा कई बार इन्वाइटेड स्टाफ  के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं भी दी हैं। इसके अलावा राजस्थान, तमिलनाडु, लखनऊ और बालोद सहित देशभर के विभिन्न राष्ट्रीय जंबूरी कैंपों में द भारत स्काउट एंड गाइड्स के राज्य मुख्यालय नई दिल्ली द्वारा इन्वाइटेड स्टाफ के रूप में चयनित होकर उन्होंने अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। साथ ही भारत, बांग्लादेश एवं श्रीलंका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शिविर में भी सक्रिय सहभागिता निभा चुकी हैं।


अन्य पोस्ट