ताजा खबर
खैरागढ़ वन मंडल की दल्लीखोली जंगल में राष्ट्रीय पक्षी मोर समेत वन्य पशु-पक्षी मृत मिले
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 27 मई। खैरागढ़ जिले के भीतरी जंगल में बड़ी तादाद में वन्य पक्षी- प्राणियों की हीट वेव के चलते मौत का मामला सामने आने के बाद वन महकमे में हड़कंप मच गई। वन्य पक्षियों में जहां राष्ट्रीय पक्षी मोर के अलावा कबरबिज्जू की भी मौत हुई है।
वन अफसरों का मानना है कि भीषण गर्मी की मार से जंगल के पशु-पक्षियों की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हीट वेव के चलते मौत की वजह की जानकारी सामने आई है। एकमुश्त वन्य प्राणियों की मौत होने की घटना की अधिकारी जांच कर रहे हैं। इस संबंध में खैरागढ़ डीएफओ पंकज राजपूत ने बताया कि प्रथम दृष्टया गर्म हवाओं की मार से मौत होना पाया गया है। विभाग मामले की जांच कर रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ वन परिक्षेत्र के लछना उपवृत्त अंतर्गत परिसर दल्लीखोली में 25 मई शाम को वन प्राणियों की मौत की खबर डोंगरगढ़ के रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा जानकारी दी गई। इसके बाद क्षेत्रीय वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। जिसमें मोर, उल्लू, कबरबिज्जू सहित अन्य वन्य जीव मृत हालत में मिले।
मामले की छानबीन के लिए वन्य जीवों के शव को सुरक्षित किया गया और घटनास्थल के समीप एक जलस्रोत (झिरिया) पर पहरा बढ़ाया गया, लेकिन सुबह तक आसपास कोई भी संदिग्ध नजर नहीं आया। इसके बाद कानन पेंडारी बिलासपुर से विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम पहुंची। जिसमें डॉ. विनय मिश्रा द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद विसरा सैम्पल एवं झिरिया के जल के सैम्पल को आगे की जांच हेतु सुरक्षित रखा गया।
इधर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात भी सामने आई कि गर्म हवाओं के प्रतिकूल असर से वन्य जीवों के अंदरूनी अंग भी जल गए। एक जानकारी के मुताबिक पिछले दो-तीन दिनों से घटनास्थल में तापमान खतरनाक स्तर पर था। इसी के चलते वन्य प्राणियों की मौत हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक मोर 3 नग जिसमें 01 नर व 02 मादा पक्षी, भृंगराज 01 पक्षी, कौआ 02 पक्षी, ओरिएंटल मैगपाई रॉबिन 01 पक्षी, रूफस ट्रीपाई पक्षी 01, उल्लू 02 पक्षी एवं कबरबिज्जू 05 वन्य प्राणी शामिल हैं। इस तरह 15 पक्षी और वन्य प्राणी की मौत हुई। पोस्टमार्टम के बाद आला अफसरों की मौजूदगी में वन्य जीवों का दाह संस्कार कर दिया गया।


.jpg)
.jpg)
