ताजा खबर

देखें VIDEO : बैज-सिंहदेव का अनशन खत्म
27-May-2026 12:22 PM
देखें VIDEO : बैज-सिंहदेव का अनशन खत्म

प्रशासन से चर्चा के बाद फैसला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर/रायपुर, 27 मई।
शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के बीच सूरजपुर जिला कांग्रेस के महामंत्री के खिलाफ आम्र्स एक्ट का प्रकरण दर्ज करने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव का अनशन खत्म हो गया। प्रशासन ने कांग्रेस नेताओं की मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी, और फिर चर्चा के बाद नारियल पानी पीकर अनशन खत्म किया। 

शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के बीच जिले के महामंत्री नागेंद्र जैन के खिलाफ आम्र्स एक्ट का मामला दर्ज करने के विरोध में पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज मंगलवार शाम से आमरण अनशन पर बैठ गए थे। उनके मान मनौव्वल की कोशिशें चलती रहीं।

स्थानीय जिला, और पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस नेताओं की तीन सूत्रीय मांगों पर चर्चा की। कांग्रेस नेताओं ने कॉउंटर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया। महामंत्री नागेन्द्र जैन के खिलाफ आम्र्स एक्ट के मामले की विवेचना डीएसपी स्तर के अधिकारी करेंगे। इसके अलावा विश्रामपुर थाना प्रभारी को छुट्टी पर भेज दिया गया है। इसके बाद सिंहदेव, और बैज ने अनशन खत्म कर दिए। 
दूसरी तरफ, कांग्रेस ने 28 मई को प्रदेशव्यापी अनशन का ऐलान किया था। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में किसी एक थाने के सामने अनशन करने की घोषणा की गई थी।


 

 


अन्य पोस्ट