ताजा खबर

एयर इंडिया हादसे पर जल्द आएगी अंतरिम रिपोर्ट, अंतिम रिपोर्ट में होगी देरी: रॉयटर्स
27-May-2026 9:57 AM
एयर इंडिया हादसे पर जल्द आएगी अंतरिम रिपोर्ट, अंतिम रिपोर्ट में होगी देरी: रॉयटर्स

भारतीय विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की बोइंग 787 उड़ान के हादसे की जांच को लेकर अंतरिम रिपोर्ट जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इस मामले से जुड़े एक सूत्र के हवाले से यह जानकारी दी है. इस हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी. सूत्रों के अनुसार, यह अंतरिम रिपोर्ट पिछले साल जारी प्रारंभिक रिपोर्ट से अधिक विस्तृत होगी और इसमें संभावित मुख्य कारणों के साथ अन्य सहायक कारकों की भी जांच की जाएगी. हालांकि, अंतिम रिपोर्ट अभी तैयार नहीं है क्योंकि जांच जटिल है और इसमें अधिक समय लग रहा है.

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया था कि उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान के इंजन के फ्यूल स्विच लगभग एक साथ बंद हो गए थे, जिससे इंजनों को ईंधन मिलना बंद हो गया. कॉकपिट की रिकॉर्डिंग से यह संकेत मिला था कि ईंधन की आपूर्ति बंद करने में पायलट की भूमिका हो सकती है, लेकिन AAIB ने उस समय किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने को जल्दबाजी बताया था. अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत अगर एक साल में अंतिम रिपोर्ट तैयार नहीं हो पाती, तो संबंधित एजेंसी को अंतरिम बयान जारी करना होता है.

अंतरिम रिपोर्ट जारी करने से भारतीय अधिकारियों को अपनी जांच के निष्कर्ष पहले से अमेरिकी नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) के साथ साझा करने की बाध्यता नहीं होगी. एनटीएसबी इस जांच में शामिल है क्योंकि दुर्घटनाग्रस्त विमान का डिजाइन और निर्माण अमेरिका में हुआ था. हालांकि, अंतिम रिपोर्ट जारी होने पर एनटीएसबी को उस पर टिप्पणी करने का अधिकार होगा.

सूत्रों के मुताबिक, हादसे की सालगिरह तक अंतिम रिपोर्ट तैयार नहीं हो पाएगी क्योंकि यह जांच बेहद जटिल है और इसमें अधिक समय लग रहा है. इसी कारण फिलहाल अंतरिम रिपोर्ट लाने का निर्णय लिया गया है. यह रिपोर्ट पहले संबंधित सरकारी अधिकारियों को सौंपी जाएगी, जिसके बाद ही इसे सार्वजनिक किया जा सकता है. डीजीसीए ने इस बारे में टिप्पणी के अनुरोधों का जवाब नहीं दिया. (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट