ताजा खबर
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, महाराष्ट्र के ठाणे ज़िले के मीरा रोड इलाक़े में बक़रीद से पहले तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस को दख़ल देना पड़ा.
दरअसल, इस इलाक़े की हाउसिंग सोसाइटी में क़ुर्बानी के बकरों को बांधने और अस्थायी शेड बनाए जाने को लेकर तनाव बढ़ा.
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक़, यह विवाद रविवार को मीरा रोड के पास पूनम क्लस्टर इलाक़े स्थित सृष्टि कॉम्प्लेक्स में शुरू हुआ.
यहां सोसाइटी परिसर में क़ुर्बानी के बकरों के लिए अस्थायी शेड बनाए जाने का कुछ स्थानीय निवासियों और हिंदू संगठनों ने विरोध किया.
विरोध के बाद अस्थायी ढांचे को हटा दिया गया, लेकिन बाद में मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग कथित तौर पर विरोध जताने के लिए इकट्ठा हो गए, जिसके बाद तनाव बढ़ गया.
इस मामले में काशिमीरा पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई गई है.
इस मामले को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री प्रताप सरनाइक का बयान भी आया है. उनका कहना है कि किसी भी सोसाइटी में विभिन्न समुदाय के लोग रहते हैं और वहां बकरे की कुर्बानी देने से दूसरे समुदाय के लोग नाराज़ हो सकते हैं.
सरनाइक ने कहा, "सोसाइटी में बकरे की कुर्बानी की अनुमति नहीं देनी चाहिए." (bbc.com/hindi)


