ताजा खबर

बैज, और सिंहदेव रातभर अनशन पर
27-May-2026 8:32 AM
 बैज, और सिंहदेव रातभर अनशन पर

कांग्रेस नेता पर केस दर्ज करने का मामला, एक मांग पूरी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर/सूरजपुर, 27 मई।
शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के बीच सूरजपुर जिला कांग्रेस के महामंत्री के खिलाफ आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज किए जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व डिप्टी सीएम टी. एस. सिंहदेव रातभर अनशन पर रहे। पुलिस प्रशासन ने एक मांग मान ली है, जबकि बाकी दो मांगों पर चर्चा जारी है। दोपहर तक अनशन समाप्त होने के आसार हैं।

शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में तनाव का माहौल बना हुआ है। जिले के महामंत्री नागेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज करने के विरोध में पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज मंगलवार शाम से आमरण अनशन पर बैठ गए।

अनशन स्थल पर कांग्रेस नेताओं की भीड़ लगी रही। रात में सिंहदेव और बैज पास-पास विश्राम करते नजर आए।

दूसरी तरफ, कांग्रेस ने 28 मई को प्रदेशव्यापी अनशन का ऐलान किया है। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में किसी एक थाने के सामने अनशन करने की घोषणा की गई है।

यह निर्णय शिवनंदनपुर नगर पंचायत आम निर्वाचन में भाजपा नेताओं पर सत्ता के दुरुपयोग और राजनीतिक दबाव बनाने के आरोप के विरोध में लिया गया है। पीसीसी से जारी पत्र में कहा गया है कि भाजपा नेताओं ने जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत फर्जी एफआईआर दर्ज कराकर चुनाव कार्य को प्रभावित करने का प्रयास किया है।

कांग्रेस की मांग है कि आर्म्स एक्ट की धाराएं हटाई जाएं, कांग्रेस के आवेदन पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, गलत तरीके से एफआईआर दर्ज करने वाले थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित किया जाए तथा मामले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।


अन्य पोस्ट