ताजा खबर

वन रक्षक भर्ती के लिए युकां नेता ने 11 लाख वसूले
26-May-2026 10:51 PM
वन रक्षक भर्ती के लिए युकां नेता ने 11 लाख वसूले

पुलिस में शिकायत 

 रायपुर, 26 मई। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों  की ठगी का मामला सामने आया है। बलौदाबाजार निवासी एक युवक ने यूथ कांग्रेस से जुड़े एक नेता पर वन विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर 11 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में  सरस्वती नगर पुलिस से शिकायत कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक का आरोप है कि उसे वन विभाग में वनरक्षक पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया था। आरोपी ने कथित तौर पर मंत्री के लेटरपेड का इस्तेमाल कर चयन कराने का दावा किया और भरोसा दिलाया कि उसका नाम चयन सूची में शामिल करा दिया जाएगा। युवक का कहना है कि इसी भरोसे में उसने आरोपी को अलग-अलग किश्तों में यूपीआई ट्रांजेक्शन और नगद मिलाकर करीब 11 लाख रुपये दिए। पीड़ित के मुताबिक शुरुआत में आरोपी लगातार भरोसा दिलाता रहा कि प्रक्रिया चल रही है और जल्द नियुक्ति पत्र मिल जाएगा। कुछ समय बाद जब नौकरी नहीं लगी तो युवक ने पैसे वापस मांगने शुरू किए। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने रकम लौटाने के बजाय उसे धमकाना शुरू कर दिया। युवक ने आरोप लगाया कि जब वह अपने परिचितों के साथ पैसे मांगने गया तो उसे डराने और मामले को दबाने की कोशिश की गई। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में भुगतान के सबूत और अन्य दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं।


अन्य पोस्ट