ताजा खबर
फंसे शव को मशक्कत से निकाला
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
उदयपुर (सरगुजा जिला), 26 मई। अंबिकापुर- बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर एक भीषण सड़क हादसे में पिकअप के खलासी(क्लीनर) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डांडगांव स्थित प्रिंस ढाबा के पास मंगलवार सुबह करीब 5 बजे हुआ।
रायपुर से अंबिकापुर की ओर आम लोडकर जा रही पिकअप विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्राला से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में पिकअप में सवार क्लीनर वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया और दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रायपुर के गुढिय़ारी क्षेत्र निवासी खुर्सी के रूप में की गई है। वहीं दुर्घटना के बाद विपरीत दिशा से आ रहा हाईवा चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक लीनूस लकड़ा तथा डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पिकअप में शव बुरी तरह फंस जाने के कारण गैस कटर की मदद से वाहन की बॉडी काटकर करीब सुबह 10 बजे शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे में पिकअप चालक को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे-130 पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।


