ताजा खबर

भारत और अमेरिका के बीच क्रिटिकल मिनरल्स को लेकर हुआ अहम समझौता
26-May-2026 6:38 PM
भारत और अमेरिका के बीच क्रिटिकल मिनरल्स को लेकर हुआ अहम समझौता

भारत और अमेरिका ने मंगलवार को एक अहम समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसका मक़सद क्रिटिकल मिनरल्स की सप्लाई को सुनिश्चित करना है.

न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यह समझौता नई दिल्ली में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान हुआ. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की मौजूदगी में कहा, "यह समझौता बहुत सही समय पर हुआ और ज़रूरी है."

उन्होंने कहा, "यह समझौता खनिजों और रेयर अर्थ की पूरी सप्लाई चेन में हमारे सहयोग को गहरा करेगा. इसमें खनन, प्रोसेसिंग, रीसाइक्लिंग और निवेश शामिल हैं."

जयशंकर ने बताया कि यह समझौता मज़बूत और अलग-अलग सप्लाई चेन बनाने में मदद करेगा और प्रोजेक्ट्स को फ़ाइनेंस करने में मददगार होगा.

रुबियो ने अपने बयान में भारत-अमेरिका की रणनीतिक साझेदारी पर ज़ोर दिया और कहा कि यह दोनों देशों के राष्ट्रीय हितों के लिए अहम है.

उन्होंने कहा, "दोनों देश चाहते हैं कि लंबे समय तक क्रिटिकल मिनरल्स और सप्लाई चेन तक एक्सेस रहे, क्योंकि यह हमारी नई तकनीक और इनोवेशन वाली अर्थव्यवस्था के लिए बहुत ज़रूरी है."

रुबियो ने अमेरिका समर्थित 'पैक्स सिलिका' पहल का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा, "इसकी नींव चार फ़रवरी को रखी गई थी जब आप (भारत) वॉशिंगटन डीसी में हमारे क्रिटिकल मिनरल्स फ़ोरम में शामिल हुए थे. इसके बाद भारत के पैक्स सिलिका से जुड़ने पर इसे और गति मिली."

पैक्स सिलिका पहल दिसंबर में शुरू की गई थी. इसका मक़सद क्रिटिकल मिनरल्स और आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) के लिए सुरक्षित, मज़बूत और इनोवेशन-आधारित सप्लाई चेन बनाना है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट