ताजा खबर
ओड़िशा से पूर्व राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय आज यानी मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गए.
उन्होंने सोमवार को ही बीजू जनता दल (बीजेडी) और अपनी राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफ़ा दिया था. इसके साथ ही राज्यसभा में बीजेडी सदस्यों की संख्या घटकर अब पांच हो गई.
बीजेपी में शामिल होने के बाद देबाशीष सामंतराय ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं. उनके व्यक्तित्व से प्रेरित होकर मैं बीजेपी में शामिल हुआ हूं. ओड़िशा में भाजपा के लिए मुझे बहुत काम करना है, मैं पार्टी को मज़बूत करने की दिशा में प्रयास करूंगा."
इससे पहले पूर्व सीएम नवीन पटनायक को भेजे गए अपने इस्तीफ़े में सामंतराय ने लिखा था, "पिछले एक वर्ष से दल में मेरी लगातार अनदेखी हो रही है और मुझे लगता है कि पार्टी को अब मेरी कोई ज़रूरत नहीं रही."
गौरतलब है कि सामंतराय से पहले राज्यसभा सदस्य ममता महंत और सुजीत कुमार ने भी बीजेडी छोड़ दी थी. इसके बाद वो बीजेपी से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे. (bbc.com/hindi)


