ताजा खबर

कारोबारी पर हमले के विरोध में बंद रहा सारंगढ़
26-May-2026 5:09 PM
कारोबारी पर हमले के विरोध में बंद रहा सारंगढ़

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सारंगढ़,  26 मई।
शहर में दिनदहाड़े एक स्थानीय कारोबारी पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में व्यापारिक संगठनों ने कड़ा रुख अपनाया है। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स (सारंगढ़ इकाई) और समस्त व्यापारीगण के आह्वान पर मंगलवार को सारंगढ़ शहर पूर्णत: बंद रहा। इस दौरान शहर की सभी छोटी-बड़ी दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद पाए गए।

सुबह से ही बड़ी संख्या में व्यापारी एकजुट होकर नगर भ्रमण पर निकले। इस रैली के दौरान व्यापारियों ने व्यापारी एकता जिंदाबाद और पुलिस प्रशासन होश में आओ जैसे नारे लगाते हुए पुलिस और प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश दर्ज कराया। व्यापारी संगठनों ने इस बंद को केवल एक व्यक्ति के समर्थन में नहीं, बल्कि पूरे शहर की सुरक्षा और न्याय की सामूहिक मांग का प्रतीक बताया है।
व्यापारियों का कहना है कि शहर के बीचों-बीच दिनदहाड़े इस प्रकार की हिंसक घटना होना स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका तर्क है कि यदि व्यापारी वर्ग ही सुरक्षित नहीं रहेगा, तो आम नागरिकों में भी भय का माहौल बनना स्वाभाविक है।

 प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए मांग की है कि अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल मजबूत किया जाए।
 व्यापारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले के दोषियों पर जल्द से जल्द और कठोर वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट