ताजा खबर

कांग्रेस नेता पर प्रकरण दर्ज करने का मामला : कांग्रेस का प्रदर्शन जारी
26-May-2026 4:50 PM
कांग्रेस नेता पर प्रकरण दर्ज करने का मामला : कांग्रेस का प्रदर्शन जारी

सिंहदेव अनशन पर, बैज भूख हड़ताल करेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर/सूरजपुर, 26 मई। सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना के सामने चल रहा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन अब और तेज हो गया है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने मंगलवार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शाम 6 बजे तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अनशन पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि मंगलवार को उनका सूर्यास्त तक उपवास रहता है और यदि तब तक प्रशासन ने कोई निर्णय नहीं लिया तो वे  अनशन शुरू करेंगे। जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भूख हड़ताल पर बैठेंगे।

दरअसल, सूरजपुर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर शिवनन्दनपुर नगर पंचायत चुनाव के दौरान हुए विवाद के बाद आम्र्स एक्ट के तहत की गई कार्रवाई को निरस्त करने की मांग को लेकर 25 मई को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कांग्रेस पदाधिकारी विश्रामपुर थाने पहुंचे थे। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने उनकी मांगों को अनसुना कर दिया, जिसके बाद प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज समेत कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता थाना परिसर के सामने ही अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।

कांग्रेस का आरोप है कि नरेंद्र जैन के घर पहुंचकर विवाद करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है।

बताया गया कि सोमवार रात करीब 2:30 बजे तक टी एस सिंह देव धरना स्थल पर मौजूद रहे और मंगलवार सुबह 11 बजे से फिर धरने में शामिल हो गए। कांग्रेस नेताओं ने साफ किया है कि यदि प्रशासन का रवैया नहीं बदला तो शाम 6 बजे से टीएस सिंहदेव अनशन और दीपक बैज भूख हड़ताल शुरू करेंगे।


अन्य पोस्ट