ताजा खबर

ब्राउन शुगर-हेरोइन और प्रतिबंधित सिरप जब्त
26-May-2026 11:31 AM
ब्राउन शुगर-हेरोइन और प्रतिबंधित सिरप जब्त

दो आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 26 मई। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा थाना और मोपका चौकी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ब्राउन शुगर, हेरोइन और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान आरोपी पप्पू श्रीवास उर्फ गुड्डू श्रीवास, निवासी सिविल लाइन, को पकड़ा गया। उसके पास से 3.92 ग्राम ब्राउन शुगर, 7.50 ग्राम हेरोइन, 20 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप और एक एक्टिवा स्कूटर जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 72 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

आरोपी के खिलाफ सरकंडा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

इधर, मोपका चौकी पुलिस ने बायपास रोड स्थित धान मंडी के पास घेराबंदी कर चिंगराजपारा निवासी सुभाष देवांगन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से प्रतिबंधित ओनेरेक्स कफ सिरप की 13 बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कीमत लगभग 13 हजार रुपये बताई गई है। इस आरोपी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर नशे के नेटवर्क और सप्लाई चैन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।  

 


अन्य पोस्ट