ताजा खबर
बुजुर्ग महिला से एक करोड़ की हुई थी ठगी, नेपाल तक फैला नेटवर्क
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 26 मई। साइबर अपराधियों द्वारा डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक बुजुर्ग महिला से एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले गिरोह पर बिलासपुर रेंज साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में महाराष्ट्र के भंडारा से पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों के बैंक खाते में साइबर ठगी की रकम के रूप में 54 लाख 40 हजार रुपये जमा हुए थे।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधियों ने व्हाट्सऐप मैसेज और वीडियो कॉल के जरिए खुद को जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर महिला को डराया-धमकाया। महिला को बताया गया कि उसका नाम किसी आतंकी संगठन से जुड़ा है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होने वाली है। लगातार मानसिक दबाव बनाकर महिला को डिजिटल अरेस्ट जैसा माहौल पैदा कर भयभीत किया गया। इसी डर का फायदा उठाकर उससे अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये जमा करा लिए गए।
पीड़िता की शिकायत पर रेंज साइबर थाना बिलासपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच और बैंक खातों के विश्लेषण में पता चला कि ठगी की रकम में से 54.40 लाख रुपये आईसीआईसीआई बैंक के एक खाते में जमा हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी राम गोपाल गर्ग, डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
सिटी कोतवाली प्रभारी गगन कुमार और निरीक्षक कामिल हक के नेतृत्व में साइबर पुलिस की टीम महाराष्ट्र रवाना हुई। वहां भंडारा जिले के गांधी वार्ड से मोहम्मद नेमतुल्लाह मंसूरी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि लालच में आकर उसने अपना बैंक खाता अन्य साइबर अपराधियों को 2 प्रतिशत कमीशन पर उपलब्ध कराया था। इसी खाते का इस्तेमाल शेयर ट्रेडिंग फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों में किया जा रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नेपाल के काठमांडू जाकर अपने बैंक खाते की पहुंच अन्य आरोपियों को देता था। आरोपी के पिता अब्दुल कय्यूम अंसारी की भी इस अवैध गतिविधि में भूमिका मिली है। पुलिस के मुताबिक वह मोबाइल फोन के जरिए मुख्य आरोपियों के संपर्क में रहकर कमीशन लेने का काम करता था।
पुलिस अब इस पूरे साइबर नेटवर्क और अन्य शामिल लोगों की तलाश तकनीकी निगरानी और जांच के जरिए कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या जांच एजेंसी के नाम पर आने वाले धमकी भरे संदेशों से सतर्क रहें।


