ताजा खबर

10 साल की बच्ची को घुमाने के बहाने ले जाकर रेप
26-May-2026 11:26 AM
10 साल की बच्ची को घुमाने के बहाने ले जाकर रेप

जंगल में छिपे आरोपी को पुलिस ने ड्रोन से खोज निकाला

पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 26 मई। बेलगहना चौकी पुलिस ने 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए जंगल में छिप गया था, लेकिन ड्रोन तकनीक की मदद से पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, 23 मई की शाम सक्तिबहरा निवासी रंजीत यादव उर्फ दौआ ने बच्ची को मोटरसाइकिल पर घुमाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह बच्ची को सूनसान खेत में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन सुबह आरोपी बच्ची को उसके घर छोड़कर फरार हो गया।

परिजनों ने पूरी रात बच्ची की तलाश की। घर लौटने पर बच्ची ने परिवार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद 24 मई को परिजनों ने कोटा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामला बेलगहना चौकी क्षेत्र का होने के कारण केस डायरी वहां भेजी गई और जांच शुरू की गई।

डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के दौरान आरोपी जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ड्रोन कैमरे की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया।

घने जंगल और बड़े क्षेत्र के कारण आरोपी को पकड़ना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन तकनीकी मदद से पुलिस ने आखिरकार उसे जंगल के भीतर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई की गई है।


अन्य पोस्ट