ताजा खबर
दिग्गज प्रचार में जुटे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 मई। नगरीय निकाय उपचुनाव के लिए गहमा-गहमी तेज हो गई है। पांच नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाने के लिए कांग्रेस, और भाजपा ने ताकत झोंक दी है। दोनों ही पार्टी के प्रमुख नेता चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। सूरजपुर के शिवनंदनपुर में तो कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच विवाद खड़ा हो गया है।
नगरीय निकाय उपचुनाव के लिए 1 जून को मतदान होगा। विशेषकर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जोड़तोड़ जारी है। भाजपा ने प्रभारी मंत्रियों को जिम्मेदारी दी है। साथ ही निगम मंडल के पदाधिकारी भी चुनाव प्रभारी बनाए गए हैं। कुल मिलाकर पांच नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 19 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है।
बताया गया कि सूरजपुर के शिवनंदनपुर में कांग्रेस से प्रचार की कमान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत संभाल रहे हैं। उनके साथ पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम भी जुटे हैं। भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े प्रचार कर रही हैं। शिवनंदनपुर नया नगर पंचायत है, और महिला बाल विकास मंत्री के विधानसभा क्षेत्र भटगांव के अंतर्गत आता है। यहां कांग्रेस के जिला महामंत्री नागेन्द्र जैन के खिलाफ प्रकरण दर्ज होने के बाद विवाद बढ़ गया है। समाचार लिखे जाने तक खुद प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज विरोध स्वरूप धरने पर बैठ गए हैं।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल भी प्रचार के लिए शिवनंदनपुर जाने वाले हैं। इसी तरह बम्हनीडीह नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी के प्रचार की कमान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल संभाल रहे हैं। जबकि भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जांजगीर-चांपा सांसद को प्रचार की कमान सौंपी गई है। राजनांदगांव जिले के घुमका नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए कांग्रेस ने दलेश्वर साहू को प्रभारी बनाया है। जबकि पूर्व मंत्री धनेश पाटिला जुटे हुए हैं। भाजपा प्रत्याशी के लिए स्थानीय संगठन के नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बालोद जिले के नगर पंचायत पलारी के अध्यक्ष की कमान अनिला भेडिय़ा संभाल रही हैं। जबकि भाजपा ने पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा को प्रभारी बनाया है।
नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में कांग्रेस प्रत्याशी इंदरचंद मंडावी और भोलाराम साहू डेरा डाले हुए हैं, तो भाजपा प्रत्याशी के लिए अपेक्स बैंक के अध्यक्ष केदार गुप्ता, विधायक और जिला पंचायत के पदाधिकारी संभाल रहे हैं।


