ताजा खबर

बंगाल, बिहार, हरियाणा से आनलाइन सट्टे के दो दर्जन सटोरिए गिरफ्तार
25-May-2026 8:37 PM
बंगाल, बिहार, हरियाणा से आनलाइन सट्टे के दो दर्जन सटोरिए गिरफ्तार

59 मोबाइल, 4 लैपटॉप, 17 लाख से अधिक नकदी और एक कार जब्त

रायपुर, 25 मई। कमिश्नरेट पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा और अवैध बेटिंग नेटवर्क के खिलाफ छह दिन के विशेष अभियान में 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में बिहार  बंगाल, हरियाणा समेत कई राज्यों में फैले सट्टा पैनल नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने 5 बड़े पैनल नेटवर्क को ध्वस्त करने का दावा किया है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की निगरानी में एसीसीयू टीम ने की। 

ऑपरेशन के दौरान न्यू राजेंद्र नगर, मौदहापारा, तिल्दा नेवरा और थाना तेलीबांधा क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। जांच में सामने आया कि यह गिरोह संगठित तरीके से देश के कई राज्यों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था।  कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद से अब तक ऑनलाइन सट्टा मामलों में 100 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। आईपीएल सीजन के दौरान अब तक 13 बड़े पैनल नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की चल और अचल संपत्ति को भी जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पुलिस ने इस अभियान में रायपुर, रायगढ़, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, बालोद सहित झारखंड, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, हरियाणा और बिहार तक फैले नेटवर्क को चिन्हित किया है। आरोपियों से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप, नकदी और वाहन जब्त किए गए हैं।  जानकारी के अनुसार, कार्रवाई में लगभग 59 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 17 लाख से अधिक नकदी और एक चारपहिया वाहन जब्त किया गया है। कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा पूरे अभियान में अब तक करीब 4.29 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विभिन्न ऑनलाइन पैनल जैसे LOTUS365, Goldenexch, LION4, BETONLY99, NASEEB7777, UNCLEBET9, POWEREXCH, Gold777, Silverbet777, jmdbet777 और अन्य प्लेटफॉर्म के माध्यम से अवैध सट्टा संचालन कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह अलग-अलग ग्रुपों में काम करता था और हर ग्रुप का अलग-अलग राज्य में नेटवर्क फैला हुआ था।  इनमें मंजीत सिंह-मोहित सोमानी ग्रुप, बाबू खेमानी ग्रुप, नमन जग्गी-अमित जंघेल ग्रुप, सोनू फतनानी ग्रुप और अन्य कई संगठित गिरोह शामिल हैं। 72 घंटे के विशेष ऑपरेशन के दौरान सबसे बड़ी कार्रवाई तब हुई जब कोलकाता और गुरुग्राम में छापेमारी कर 14 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं नागपुर और अन्य शहरों से भी कई आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, तेलीबांधा थाना के एक पुराने मामले की जांच के दौरान इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी रायगढ़ निवासी अमन नत्थानी और उसके सहयोगी विभिन्न राज्यों में पैनल बैठाकर संचालन कर रहे थे। वहीं कई आरोपी बैंक खातों, एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक के माध्यम से लेनदेन कर रहे थे। न्यू राजेंद्र नगर और मौदहापारा क्षेत्र से भी कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जहां से ऑनलाइन पैनल चलाने और आईडी वितरण की जानकारी मिली। वहीं तिल्दा नेवरा क्षेत्र में “NASEEB बुक” नामक पैनल के संचालन का भी खुलासा हुआ। मौदहापारा मामले में जांच के दौरान सामने आया कि कुछ आरोपी गोवा और अन्य स्थानों से पैनल चला रहे थे और लोकल कलेक्शन एजेंटों के माध्यम से पैसे एकत्र कर रहे थे। पुलिस ने इन सभी नेटवर्क को जोड़कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बालोद, झारखंड, हरियाणा और महाराष्ट्र के लोग शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आगे और भी गिरफ्तारी संभव है क्योंकि नेटवर्क अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव कुमार शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आईपीएल सीजन में ऑनलाइन सट्टा और जुआ गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन सट्टा या साइबर जुआ की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही चेतावनी दी है कि ऐसे संगठित अपराधों में शामिल लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनकी संपत्ति भी जब्त की जाएगी।


अन्य पोस्ट