ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 25 मई। बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपरपान गांव में रविवार देर शाम हुए सडक़ हादसे में पंडो जनजाति के एक ही परिवार के चार युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सनावल निवासी चार युवक रविवार को डिंडो साप्ताहिक बाजार गए थे। बाजार से वापस लौटते समय डिंडो-सनावल मुख्य मार्ग पर उनकी बाइक ईंट लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान रमेश पंडो (19), मनोज पंडो (21), नरेश पंडो (19), और राकेश पंडो (18) के रूप में हुई है। चारों युवक राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले पंडो जनजाति समुदाय से थे तथा आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सनावल पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक प्रेमचंद यादव के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सनावल थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


