ताजा खबर
खेत की रखवाली करने गया था
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद/पिथौरा/बलौदाबाजार,25 मई। बार अभ्यारण्य से लगे कोठारी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दोंद में एक हाथी ने खेत की रखवाली करने गए किसान को हाथी ने पटक-पटक कर मार डाला।
इस घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग हाथी के हमले को लेकर चिंतित हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
रविवार रात करीब 8.30 बजे जहरुराम (पिता बिसाहू) निवासी ग्राम दोंद अपनी रबी फसल की खलिहान (खरही) की रखवाली करने खेत जा रहे थे। अंधेरा होने के कारण उन्हें खलिहान में मौजूद हाथी दिखाई नहीं दिया और जैसे ही वे करीब पहुंचे, हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने किसान को सूंड से पटक-पटक कर मार डाला।
स्थानीय लोगों और वन विभाग के अनुसार, यह अकेला हाथी पिछले एक सप्ताह से ग्राम मुरुमडीह और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है। इससे पहले भी इस हाथी ने कई किसानों की फसलें बर्बाद की हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और शव का पंचनामा व पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया।
कोठारी रेंजर जीवन लाल साहू ने बताया कि वन विभाग की ओर से मृतक के परिवार को 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान कर दी गई है। उन्होंने शेष मुआवजा राशि भी जल्द ही उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।


