ताजा खबर

धान खरीदी में एक करोड़ का गबन, समिति प्रबंधक और ऑपरेटर गिरफ्तार
25-May-2026 2:50 PM
धान खरीदी में एक करोड़ का गबन,  समिति प्रबंधक और ऑपरेटर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 मई।
सरिया पुलिस ने साल्हेओना धान उपार्जन केंद्र (पंजीयन क्रमांक 245) में फर्जी तरीके से धान की ऑनलाइन एंट्री कर शासन को एक करोड़ रुपये का चूना लगाने वाले समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

खरीफ वर्ष 2025-26 के दौरान उक्त केंद्र में धान खरीदी में गंभीर अनियमितताएं पाई गई थीं। जिला कलेक्टर द्वारा गठित जांच टीम ने 20 अप्रैल को केंद्र का भौतिक सत्यापन किया था।

जांच में 3,140.80 क्विंटल धान (कीमत लगभग 97.36 लाख रुपये) और 2,045 नग नए जूट बारदाने (कीमत लगभग 1.75 लाख रुपये) कम पाए गए। इस प्रकार कुल 99,12,411.35 रुपये की राशि का गबन किया गया।

आरोपियों ने बिना धान की आवक के ही किसानों के नाम पर फर्जी टोकन कटवाए। इसके बाद कंप्यूटर सिस्टम में बायोमेट्रिक डिवाइस और आईरिश स्कैनर का उपयोग करके ऑनलाइन एंट्री की गई।

गिरफ्तार आरोपी में  बंशीधर पटेल समिति प्रबंधक, ग्राम कटंगपाली ‘अ’, वासुदेव पटेल कंप्यूटर ऑपरेटर, ग्राम बरमकेला है।

पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों से तौल पर्चियां, बायोमेट्रिक ओटीपी वाले मोबाइल, कंप्यूटर सिस्टम, बायोमेट्रिक डिवाइस, आईरिश स्कैनर और उपार्जन केंद्र के महत्वपूर्ण दस्तावेज/पंजी जब्त किए हैं।

सहायक खाद्य अधिकारी विद्यानंद पटेल की रिपोर्ट पर सरिया थाने में बीएनएस की धारा 316(5) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत विवेचना के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट