ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 25 मई। चकरभाठा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पत्नी ने अपने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने के शक में हंसिए से हमला कर उसके निजी अंग को काट दिया। गंभीर रूप से घायल पति को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चकरभाठा निवासी राजेश कौशिक मजदूरी का काम करता है। उसकी पत्नी द्रौपती बाई को लंबे समय से शक था कि राजेश का किसी दूसरी महिला से संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।
बताया गया कि शुक्रवार रात राजेश शराब पीकर घर पहुंचा था। घर आने के बाद पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ। बाद में उसने खाना खाया और सो गया।
रात करीब एक बजे दोनों के बीच दोबारा कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पत्नी ने हंसिया उठाकर पति पर हमला कर दिया। हमले में उसका निजी अंग कट गया।
घटना के बाद घायल राजेश दर्द से चीखता हुआ कमरे से बाहर भागा। उसकी हालत देखकर नाबालिग बेटे ने तुरंत अपनी बुआ को सूचना दी। थोड़ी ही देर में घर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन घायल राजेश को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
चकरभाठा थाना प्रभारी भावेश शेंडे ने बताया कि पत्नी ने अफेयर के शक में वारदात को अंजाम दिया है। घायल के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हंसिया जब्त कर लिया है।


