ताजा खबर

कोयले में मिलावट का खेल, डिपो संचालक गिरफ्तार
25-May-2026 12:13 PM
कोयले में मिलावट का खेल, डिपो संचालक गिरफ्तार

दो ट्रेलर भी जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 25 मई। हिर्री थाना पुलिस ने कोयला गबन और मिलावट के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कोल डिपो संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर उच्च गुणवत्ता वाले कोयले में निम्न स्तर का कोयला मिलाकर उद्योग को सप्लाई करने का आरोप है।

पुलिस ने आरोपी रामकुमार आर्य (49), निवासी चकरभाठा, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वह संबंधित कोल डिपो का संचालक बताया जा रहा है।

कोयला परिवहन व्यवसाय से जुड़े आशीष केशरी ने हिर्री थाने में इसे लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एसईसीएल रामपुर खदान से जी-6 ग्रेड का उच्च गुणवत्ता वाला कोयला दो ट्रेलरों में भरकर ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड भेजा गया था।

प्लांट पहुंचने पर कंपनी के लैब परीक्षण में दोनों ट्रेलरों में मौजूद कोयले की गुणवत्ता तय मानक से काफी कम पाई गई। जहां कोयले का जीसीवी 5500 से 5800 होना चाहिए था, वहीं जांच में यह 4203 और 4220 जीसीवी निकला।

इसके बाद कोयले में मिलावट और धोखाधड़ी की आशंका जताई गई।

हिर्री पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा और नक्शा तैयार किया। यार्ड में मिले कोयले के नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए गए।

साथ ही दोनों ट्रेलर और बाकी कोयले को भी जब्त कर लिया गया। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 24 मई को आरोपी डिपो संचालक को गिरफ्तार कर लिया।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(3), 317(2), 317(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

 


अन्य पोस्ट