ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
गरियाबंद, 25 मई। गरियाबंद जिले की देवभोग पुलिस ने अंतरराज्यीय चेक पोस्ट ग्राम खुटनांव में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 24 मई को देवभोग पुलिस टीम द्वारा वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे एक पिकअप वाहन (क्रमांक यूपी 64 सीटी 5613) को संदिग्ध मानकर रोका गया।
तलाशी के दौरान वाहन में रखी 6 बोरियों से कुल 130 किलो 160 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
वाहन चालक की पहचान राहुल पाण्डेय (33 वर्ष), निवासी जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इस खेप को ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था।
जब्त सामान में अवैध गांजा 130 किलो 160 ग्राम अनुमानित कीमत लगभग 65.08 लाख रुपये, पिकअप अनुमानित कीमत लगभग 5.50 लाख रुपये कुल जब्ती लगभग 70 लाख 58 हजार रुपये है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना देवभोग में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।


