ताजा खबर
पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बड़ी जीत दर्ज की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे 'लोकतंत्र की जीत' बताया है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "फाल्टा के लोगों ने अपनी बात कह दी. लोकतंत्र जीता है और डराने की कोशिश हार गई है.
"श्री देबांग्शु पांडा जी को फाल्टा में रिकॉर्ड मार्जिन से जीतने पर बधाई. यह दिखाता है कि पश्चिम बंगाल के लोगों का बीजेपी पर अटूट भरोसा है. लोग पश्चिम बंगाल सरकार का अलग-अलग क्षेत्रों में किया गया बेहतरीन काम देख रहे हैं और इसलिए उन्होंने हमें और आशीर्वाद देने का फ़ैसला किया."
उन्होंने लिखा, "पश्चिम बंगाल के सभी बीजेपी कार्यकर्ताओं को मेरी शुभकामनाएं, उन्होंने शानदार काम किया है. हम आगे भी पश्चिम बंगाल की तरक़्क़ी के लिए काम करते रहेंगे."
उल्लेखनीय है कि बीजेपी के देबांग्शु पांडा एक लाख से ज़्यादा वोटों से चुनाव जीते हैं. उन्होंने 1,49,666 यानी कि 71.2% वोट हासिल किए.
दूसरे नंबर पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के शंभु नाथ कुर्मी रहे, जिन्हें 40645 (19.34%) वोट मिले. कांग्रेस यहाँ तीसरे नंबर पर रही जिसके प्रत्याशी अब्दुर रज़्ज़ाक को 10084 (4.8%) वोट मिले.
तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर ख़ान के नाम पर भी 7783 (3.7%) वोट मिले हैं, हालांकि मतदान से पहले उन्होंने चुनावी मैदान से हटने का एलान किया था. (bbc.com/hindi)


