ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुर, 24 मई। संवैधानिक अधिकारों एवं पांचवीं अनुसूची क्षेत्र की रक्षा तथा डी-लिस्टिंग की मांग के विरोध में रविवार को जशपुर में विशाल जनजातीय रैली निकाली गई।
रैली एनईएस कॉलेज से शुरू होकर बस स्टैंड, महाराज चौक, जिला अस्पताल, रंजीता स्टेडियम और बीटीआई ग्राउंड तक पहुंची।
राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा, जिला जशपुर के तत्वावधान में तथा आदिवासी महासभा छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। पारंपरिक मदार की थाप और नगाड़ों की गूंज के बीच जनजातीय समाज ने अपने अधिकारों की आवाज बुलंद की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गीता उरांव, पूर्व विधायक यू डी मिंज, आदिवासी महासभा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा, अभिनंदन कुजूर, वाल्टर कुजूर सहित जशपुर, रायगढ़ और सरगुजा क्षेत्र के बड़ी संख्या में ईसाई आदिवासी उपस्थित थे।


