ताजा खबर

त्रिवेणी संगम पर उमड़े भक्त, कालेश्वरम में 12 दिनी सरस्वती पुष्करालु महापर्व शुरू, 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
24-May-2026 3:08 PM
त्रिवेणी संगम पर उमड़े भक्त, कालेश्वरम में 12 दिनी सरस्वती पुष्करालु महापर्व शुरू, 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

 बीजापुर समेत 5 राज्यों से भक्तों की भीड़, सुरक्षा से स्वास्थ्य तक हाईटेक इंतजाम
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बीजापुर,  24 मई।
गोदावरी, प्राणहिता और अदृश्य सरस्वती नदियों के पवित्र त्रिवेणी संगम पर स्थित कालेश्वरम में गुरुवार से भव्य सरस्वती अंत्य पुष्करालु महापर्व की शुरुआत हो गई। तेलंगाना सरकार के संरक्षण में आयोजित इस 12 दिवसीय धार्मिक आयोजन में 30 से 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से महज 110 किलोमीटर दूर आयोजित हो रहे इस विशाल आध्यात्मिक मेले में बीजापुर सहित महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है।
कालेश्वर मुक्तेश्वर स्वामी मंदिर परिसर में सुबह से ही हर-हर महादेव और वैदिक मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई दी। कांची कामकोटी पीठ के जगद्गुरु श्री शंकर विजयेंद्र सरस्वती ने सुबह 5.43 बजे प्रथम पवित्र पुष्कर स्नान कराया, जिसके साथ ही धार्मिक अनुष्ठानों और स्नान पर्व का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर तेलंगाना सरकार के मंत्री दुद्धिला श्रीधर बाबू और देवदया विभाग की मंत्री कोंडा सुरेखा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मान्यता है कि त्रिवेणी संगम में स्नान और कालेश्वर मुक्तेश्वर स्वामी के दर्शन से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। यही वजह है कि चार राज्यों से लाखों श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। बीजापुर जिले से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कालेश्वरम पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
30 करोड़ से ज्यादा खर्च, युद्धस्तर पर तैयारी
तेलंगाना सरकार ने इस आयोजन के लिए 30.63 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए घाट क्षेत्रों में छायादार मंडप, चटाइयां और ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराए गए हैं। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए 90 विशेष शटल बसें चलाई जा रही हैं। 245 एकड़ क्षेत्र में करीब 1 लाख 70 हजार वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की गई है। कालेश्वर क्षेत्र में 23 बड़े पार्किंग जोन बनाए गए हैं।

200 सीसीटीवी, एसडीआरएफ और मेडिकल टीम तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। घाट, मंदिर और पार्किंग क्षेत्रों में 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। नदी क्षेत्र में एसडीआरएफ की टीम, सुरक्षा नौकाएं, लाइफ रिंग और विशेष बचाव दल तैनात किए गए हैं। 100 तक प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड लगातार निगरानी कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 23 जोनों में विशेष चिकित्सा शिविर स्थापित किए हैं। करीब 300 डॉक्टर, मेडिकल अधिकारी और पैरामेडिकल स्टाफ ड्यूटी पर लगाए गए हैं। कई एम्बुलेंस तैनात हैं, जबकि महादेवपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को रेफरल अस्पताल के रूप में विकसित किया गया है।
शाम को होगी भव्य गोदावरी आरती, दीपोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम।

पुष्कर उत्सव के दौरान प्रतिदिन विशेष हवन-पूजन, धार्मिक अनुष्ठान और शाम को भव्य गोदावरी आरती आयोजित की जाएगी। दीपोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यातायात, सुरक्षा और पार्किंग नियमों का पालन करने की अपील की है।
 मंत्री दुद्धिला श्रीधर बाबू ने कहा कि सरकार प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और संतोषजनक धार्मिक अनुभव देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


अन्य पोस्ट