ताजा खबर

सदस्यता अभियान के साथ युकां चुनाव की शुरुआत, नामांकन 29 से
24-May-2026 2:36 PM
सदस्यता अभियान के साथ युकां चुनाव की शुरुआत, नामांकन 29 से

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर, 24 मई ​ । युवक कांग्रेस ने रविवार से प्रदेश में युवा कांग्रेस का डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू हो गया है। 75 रुपए में कोई भी युवा  युकां की मेंबरशिप ले सकता है।इसके साथ ही 

प्रदेश में संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया भी शुरु हो गई है । 
 राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की गई। इस दौरान संगठन के नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया, सदस्यता अभियान और युवा नेतृत्व तैयार करने की रणनीति की जानकारी दी। 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, युवा कांग्रेस के प्रभारी अमित पठानिया, सह प्रभारी मोनिका मांडरे, भारतीय युवा कांग्रेस के मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह, चुनाव अधिकारी राकेश नेगी और युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा मौजूद रहे।
संगठन के मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह ने बताया कि संगठनात्मक चुनाव ब्लॉक, विधानसभा, जिला और प्रदेश स्तर पर कराए जाएंगे। इसके लिए आज से ही सदस्यता अभियान भी चलाया जाएगा। 

चुनाव अधिकारी ने बताया कि युवा कांग्रेस में अलग अलग पदों पर चुनाव के लिए नामांकन 29 मई से शुरू होकर 13 जून तक चलेगा। ब्लॉक, विधानसभा और जिला स्तर पर 29 मई से नामांकन होगा। शीर्ष पद अध्यक्ष और महासचिव के लिए 11 से 13 जून तक नामांकन होगा। चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी और तारीखें आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।

युवा नेताओं ने बताया कि देश में बहुत कम राजनीतिक दल ऐसे हैं जो संगठन के भीतर चुनाव कराते हैं। संगठन ने इसे ‘ऐतिहासिक पहल’ बताते हुए कहा कि युवाओं को सीधे चुनाव के जरिए नेतृत्व में आने का मौका दिया जा रहा है। यह पहल कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस सोच का हिस्सा है, जिसमें संगठन के भीतर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया था।

जिला अध्यक्ष के लिए इंटरव्यू, हाई परफॉर्मर ही लड़ सकेगा चुनाव
कांग्रेस भवन में रविवार को जिला अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए इंटरव्यू पैनल भी बैठा। चुनाव अधिकारी के मुताबिक, जिला अध्यक्ष पद के इच्छुक नेताओं का इंटरव्यू लिया जा रहा है। इस प्रक्रिया में ‘हाई परफार्मर’ के रूप में अप्रूव होने वाले नेता ही जिला अध्यक्ष का चुनाव लड़ सकेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के लिए दिल्ली में युवा कांग्रेस के मुख्यालय में इंटरव्यू होगा। जिला और प्रदेश अध्यक्ष के पद पर हाई परफॉर्मर ही चुनाव लड़ सकेंगे।

उम्मीदवारों की संगठनात्मक सक्रियता, जनसंपर्क, आंदोलन में भागीदारी और नेतृत्व क्षमता के आधार पर मूल्यांकन किया जा रहा है। इसके जरिए युवा कांग्रेस संगठन में सक्रिय और मजबूत नेतृत्व तैयार करने की कोशिश कर रही है।

संगठन ने दावा किया कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए अलग से चुनाव प्राधिकरण और रिटर्निंग ऑफिसर्स की नियुक्ति की गई है। राज्य और जोन स्तर पर टीम बनाई गई है, जो पूरे चुनाव की निगरानी करेगी।

युवाओं को नेतृत्व में लाने पर जोर 

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि संगठन गांव, ब्लॉक और जिला स्तर तक युवाओं को नेतृत्व देने की दिशा में काम कर रहा है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान ओरिएंटेशन और ट्रेनिंग सेशन भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि नए कार्यकर्ताओं को चुनाव और संगठन की प्रक्रिया की जानकारी मिल सके।

संगठन का कहना है कि युवा कांग्रेस में काम करने वाले युवाओं को पारदर्शी राजनीतिक करियर पाथ देने की कोशिश की जा रही है, ताकि जमीनी स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचने का अवसर मिल सके।


अन्य पोस्ट